Home छत्तीसगढ़ मुंगेली में BEML संयंत्र से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, साय सरकार में...

मुंगेली में BEML संयंत्र से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, साय सरकार में तेज होगा विकास

2
0
Jeevan Ayurveda

रायपुर.

आज एक नए औद्योगिक युग की ओर तेजी से अग्रसर है छत्तीसगढ़ राज्य। प्रदेश की इस परिवर्तनकारी यात्रा की अगुवाई कर रहे हैं राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय। जिनके सधे हुए नेतृत्व में राज्य सरकार निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक फैसले ले रही है।

Ad

अपने दूरदर्शी सोच के साथ मुख्यमंत्री ने मुंगेली जिले के पथरिया तहसील अंतर्गत ग्राम चंद्रगढ़ी में भारत सरकार के मिनीरत्न उपक्रम बीईएमएल (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) के भारी मशीनरी निर्माण संयंत्र की स्थापना की। उनका यह निर्णय मुंगेली के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देने वाला है।

79.70 एकड़ भूमि का आबंटन बना एक ऐतिहासिक निर्णय
राज्य मंत्रिपरिषद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 79.70 एकड़ शासकीय भूमि को रियायती दर पर बीईएमएल को आवंटित करने का निर्णय लिया है। यह भूमि बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम चंद्रगढ़ी में स्थित है जो रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। मुख्यमंत्री के इस फैसले ने मुंगेली को छत्तीसगढ़ के औद्योगिक मानचित्र पर एक नई और अलग पहचान दिलाई है।

प्रदेश का पहला हैवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट प्लांट होगा बीईएमएल संयंत्र
बीईएमएल संयंत्र छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र होगा जिसमे खनन और निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली अत्याधुनिक भारी मशीनों का निर्माण किया जाएगा। इस नई शुरुआत से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर औद्योगिक प्रतिस्पर्धा में मजबूती मिलेगी और प्रदेश को नई औद्योगिक पहचान प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री साय की दूरदर्शिता, कुशल नेतृत्व और उनके निर्णय लेने की क्षमता प्रदेश के विकास के हर आयाम मे दिखाई दे रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नीतियों के केंद्र बिंदु मे अक्सर स्थानीय युवाओं को अवसर, उद्योगों को प्रोत्साहन और राज्य को आत्मनिर्भर बनाना ही रहा है। बीईएमएल संयंत्र की स्थापना राज्य के मुखिया की इसी सोच का प्रमाण है जो इस बात को स्थापित करती है कि साय सरकार औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देते हुए रोजगार सृजन की दिशा में गंभीर है।

रोजगार के नए अवसरों का सृजन
उम्मीद की जा रही है कि इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के हजारों अवसर सृजित होंगे। संयंत्र में तकनीकी, प्रशासनिक और उत्पादन से जुड़े विभिन्न पदों पर रोजगार मिलेगा। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में छोटे-छोटे व्यवसाय और सेवाएं भी विकसित होंगे जिससे व्यापक स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

सहायक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
बीईएमएल जैसे प्रतिष्ठित और विशाल उपक्रम की उपस्थिति से क्षेत्र में एमएसएमई के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग के साथ लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन, मशीन पार्ट्स निर्माण और सर्विसिंग जैसे सहायक उद्योगों का विकास होगा। यह औद्योगिक इकोसिस्टम मुंगेली को एक पूर्ण औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने वाला साबित होगा।

तकनीकी उन्नति और कौशल विकास
बीईएमएल संयंत्र उत्पादन का केंद्र होने के अलावा तकनीकी उन्नति और कौशल विकास का भी केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण मिलेगा जिससे उनकी दक्षता और रोजगार क्षमता में बढ़ोतरी होगी। इस स्थापना से राज्य में कुशल मानव संसाधन का निर्माण होने जा रहा है और भविष्य की औद्योगिक जरूरतों के लिए छत्तीसगढ़ पूरी तरह सक्षम होगा।

मिलेगा रणनीतिक स्थान का लाभ
बीईएमएल संयंत्र के स्थापना के लिए ग्राम चंद्रगढ़ी का चयन औद्योगिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। ग्राम चंद्रगढ़ी का यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा हुआ है जिसकी वजह से यहाँ परिवहन और लॉजिस्टिक्स की सुविधा आसान होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग से मिली यह कनेक्टिविटी उद्योगों के संचालन को और भी सुगम बनाएगी और निवेशकों के लिए इसे और अधिक आकर्षक बनाएगी।

पैदा हो रही निवेश और विकास की नई संभावनाएं
बीईएमएल संयंत्र की स्थापना से मुंगेली में बड़े निवेश का मार्ग प्रशस्त होने जा रहा है। बहुत सी कंपनियां भी इस क्षेत्र में निवेश करने के लिए प्रेरित हो रही है। इस निर्णय से राज्य में औद्योगिक विकास की मजबूत नींव तैयार हो रही है जो छत्तीसगढ़ को निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बना रहा है।

औद्योगिक इकोसिस्टम का हो रहा निर्माण
बीईएमएल संयंत्र एक संपूर्ण औद्योगिक इकोसिस्टम के निर्माण की शुरुआत है। इससे छत्तीसगढ़ मे इंजीनियरिंग, निर्माण, सेवा और व्यापार के विभिन्न क्षेत्रों में विकास होगा। इस पहल से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रीय असंतुलन कम होगा।

मुख्यमंत्री साय के विजन से सशक्त हो रहा है छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का विजन स्पष्ट है— राज्य को एक विकसित, आत्मनिर्भर और औद्योगिक रूप से सशक्त बनाना। उनकी नीतियां और निर्णय इस दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। बीईएमएल संयंत्र की स्थापना इस विजन को हासिल करने वाला एक महत्वपूर्ण क़दम है, जो राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोगी होगा। मुंगेली में बीईएमएल संयंत्र की स्थापना का निर्णय छत्तीसगढ़ के औद्योगिक इतिहास का एक बड़ा फैसला है। मुंगेली में बीईएमएल संयंत्र की स्थापना, विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर है। साय सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ का औद्योगिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आज एक ऐसे भविष्य की ओर बढ़ रहा है, जहां हर क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं आकार पा रही हैं।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here