पीसीएस-2024 के सफल अभ्यर्थियों को सीएम योगी ने दी बधाई

    47
    0
    Jeevan Ayurveda

    लखनऊ.
    उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा-2024 के परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफल अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सफलता को अभ्यर्थियों के परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम बताया।

    मुख्यमंत्री ने लिखा कि पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अभ्यर्थियों की लगन और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने सभी चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भरोसा जताया कि वे अपनी प्रतिभा और निष्ठा के साथ प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रशासनिक सेवा केवल पद प्राप्ति नहीं, बल्कि जनसेवा का एक सशक्त माध्यम है। ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों से अपेक्षा है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करें तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें।

    Ad

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया गया, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति युवाओं का विश्वास और मजबूत हुआ है।

    मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनसेवा को अपने आचरण का आधार बनाएं और ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं।

    पीसीएस-2024 के परिणाम के बाद प्रदेशभर में उत्साह का वातावरण है। सफल अभ्यर्थियों के घरों में खुशी का माहौल है और परिजन व शुभचिंतक उन्हें बधाई दे रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर मेहनत कर यह सफलता हासिल की है, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

     

    Jeevan Ayurveda Clinic

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here