Home मध्य प्रदेश शुगर मिल अनशन को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

शुगर मिल अनशन को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

2
0
Jeevan Ayurveda

शुगर मिल अनशन को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मुरैना
 वर्षों से बंद पड़े कैलारस शुगर मिल को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर चल रहे आमरण अनशन के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने 18 अगस्त को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर ने किया।

Ad

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने कहा कि जौरा विधायक पंकज उपाध्याय पिछले चार दिनों से कैलारस शुगर मिल को चालू कराने और मिल की संपत्ति को खुर्द-बुर्द किए जाने के प्रयासों को रोकने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि शासन-प्रशासन की उदासीनता के चलते अब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी अनशन स्थल पर नहीं पहुंचा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आमरण अनशन पर बैठे विधायक पंकज उपाध्याय सहित क्रमिक अनशन कर रहे किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण तक नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि अनशन के कारण विधायक के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है, वहीं अन्य किसानों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर अनशन स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए।

मधुराज तोमर ने कहा कि कैलारस शुगर मिल चंबल अंचल की महत्वपूर्ण मांगों में शामिल है। पिछले करीब 18 वर्षों से मिल बंद होने के कारण क्षेत्र के किसानों और रोजगार से जुड़े लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से मिल को चालू कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने और मिल की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन का रवैया इसी तरह उदासीन रहा तो जिला कांग्रेस कमेटी पूरे जिले में व्यापक आंदोलन करेगी। कांग्रेस ने कहा कि आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता हरीश पाठक ने बताया कि कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर, जिला प्रवक्ता हरीश पाठक, सिहोनिया ब्लॉक अध्यक्ष रामू तोमर, अंबाह शहर अध्यक्ष महेश कुमार विकल और कमलेंद्र तोमर सहित कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here