गोरखपुर को 994 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, योगी का विपक्ष पर हमला

    33
    0
    Jeevan Ayurveda

    लखनऊ
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर दौरे के दौरान जिले को 994 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होने कहा कि 2007 से 2017 के बीच 10 वर्षों में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन ने 29 चीनी मिलों को बंद किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय और शोषण किया, नौजवानों को बेरोजगार करने का पाप किया।

    रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले आस्था के ठेकेदार बन रहे
    टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत तमाम परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी आस्था पर प्रहार करते थे, आज वही आस्था के सबसे बड़े ठेकेदार बनने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में बाधाएं खड़ी कीं और रामभक्तों पर गोली चलवाई, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और मंदिर आंदोलन के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखा। ऐसे लोगों का आस्था पर उपदेश देना हास्यास्पद है।

    Ad

    2017 से पहले प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद खराब थी
    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। त्योहारों पर दंगे होते थे, कांवड़ यात्रा प्रभावित होती थी और व्यापारियों, किसानों तथा महिलाओं की सुरक्षा खतरे में रहती थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर माहौल बनाया है, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में बिना किसी भेदभाव के नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं निजी निवेश के माध्यम से 65 लाख लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि 'एक जिला, एक उत्पाद' योजना से करोड़ों युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं।

    गोरखपुर माफिया और इंसेफ्लाइटिस के लिए बदनाम रहा
    गोरखपुर के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी माफिया और इंसेफेलाइटिस के लिए बदनाम रहा शहर आज निवेश, पर्यटन और रोजगार का केंद्र बन रहा है। उन्होंने रामगढ़ताल को पर्यटन और आजीविका का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि यहां अब बड़े पैमाने पर पर्यटन गतिविधियां और फिल्म शूटिंग हो रही है। कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने भी मुख्यमंत्री की विकास योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गोरखपुर की तस्वीर बदल गई है।

    Jeevan Ayurveda Clinic

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here